अंबेडकरनगर। अपर सीएमओ डॉ. रामानंद सिद्धार्थ के निरीक्षण में शनिवार को सीएचसी बसखारी का निरीक्षण किया। इस दौरान पता चला कि दो चिकित्सक एक जून से बिना किसी सूचना के नदारद हैं। इसके अलावा दो अन्य कर्मचारी भी अनुपस्थित मिले। इस पर उन्होंने संबंधित अवधि का वेतन काटने के निर्देश दिए।
अपर सीएमओ शनिवार को सीएचसी बसखारी के निरीक्षण पर पहुंचे। उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया तो डॉ. सुमन और डॉ राजवंत एक जून से बिना किसी सूचना के नदारद मिले। इसके अलावा स्टाफ नर्स शिखा दुबे व एक अन्य कर्मचारी दिनेश कुमार भी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित थे। अपर सीएमओ ने संबंधित समयावधि का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने जिम्मेदारों को इस बीच बेहतर साफ-सफाई रखने के भी निर्देश दिए। कहा कि मरीजों का अच्छे ढंग से इलाज सुनिश्चित कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
अपर सीएमओ ने अकबरपुर नगर के मोहसिनपुर मंसूरपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्र का भी जायजा लिया। यहां टीकाकरण होता नहीं मिला। इस पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विजय वर्मा को फटकार लगाते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही न बरती जाए। दोबारा जांच में यदि टीकाकरण होता नहीं मिला तो कार्रवाई सुनिश्चित होगी।