फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वैक्सीन को लेकर आज छह अस्पतालों में होगा ड्राई रन

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल समेत कुल छह सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन होगा। इसके लिए सोमवार को ही जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं। वैक्सीन ड्राई रन प्रक्रिया में शामिल होने वाले हेल्थ वर्कर्स व सुरक्षा कर्मियों को सोमवार को बैठक के दौरान जरूरी जानकारियां दी गईं। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने ड्राई रन को लेकर चल रहीं तैयारियों का जायजा भी लिया।
विज्ञापन

कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने व देश को कोरोना मुक्त करने के लिए बीते दिनों ही वैक्सीन के सामने आने की घोषणा शासन ने की थी। प्रथम चरण में हेल्थ वर्कर्स, द्वितीय चरण में फ्रंट लाइन वर्कर्स तथा तृतीय चरण में 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग व गंभीर रूप से बीमारों को टीका लगाया जाएगा। शासन के दिशा निर्देशों के अनुसार बीते दिनों ही वैक्सीन के रखरखाव को लेकर जरूरी तैयारियां पूर्ण कर ली गई थीं। अब जबकि 15 जनवरी तक वैक्सीन जिले में पहुंचने की संभावना है, तो ऐसे में वैक्सीन लगाने को लेकर मंगलवार को जिले के छह सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन ड्राई रन होगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को राजकीय मेडिकल सद्दरपुर, जिला अस्पताल, सीएचसी टांडा, सीएचसी भीटी, सीएचसी जलालपुर व सीएचसी बसखारी में वैक्सीन को लेकर ड्राई रन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व वैक्सीन के जिला समन्वयक डॉ. हेमंत ने बताया कि मंगलवार को संबंधित सरकारी अस्पतालों में होने वाले ड्राई रन में एएनएम, पैरा मेडिकल कर्मचारी व सुरक्षाकर्मी भागीदारी करेंगे। ड्राई रन के दौरान सभी को वैक्सीन के रखरखाव, टीकाकरण का अभ्यास कराया जाएगा।
विज्ञापन

जिले में पहुंचीं सवा छह लाख सीरिंज
डॉ. हेमंत ने बताया कि जिले में छह लाख 26 हजार सीरिंज पहुंच चुकी हैं। जिनके रखरखाव के लिए जिले में 11 कोल्ड चेन बनाए गए हैं। इसमें बेवाना को छोड़कर शेष सभी 10 कोल्ड चेन संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर, सीएचसी भीटी, कटेहरी, टांडा, बसखारी, रामनगर, जहांगीरगंज, भियांव व जलालपुर प्रभावी हैं। प्रत्येक केंद्र पर 60-60 हजार सीरिंज उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। शेष 86 हजार सीरिंज वैक्सीन स्टोरेज संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर में सुरक्षित रखी गई हैं। इसके अलावा दो आईएलआर फ्रिज भी शासन से जिले को उपलब्ध हुए हैं।
डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
डीएम राकेश कुमार मिश्र ने जिला अस्पताल में 11 हजार 635 स्वास्थ्य कर्मियों को आगामी दिनों में लगाई जाने वाली वैक्सीन की तैयारियों का जायजा लिया। इसके साथ ही पांच जनवरी को छह अस्पतालों में ड्राई रन की तैयारियों के बारे में जानकारी हासिल की। जिन छह अस्पतालों को ड्राई रन सेंटर के तौर पर चिन्हित किया गया है, वहां दो दो बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर 25-25 कर्मचारियों को कोविड वैक्सीनेशन का रिहर्सल कराया जाएगा। डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया कि ड्राई रन को लेेकर सभी तैयारियां पूरी गंभीरता से की जाए।
15 तक वैक्सीन पहुंचने की संभावना
कोरोना वैक्सीन के जिले में 15 जनवरी तक पहुंचने की संभावना है। प्रथम चरण में 11 हजार 635 हेल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए मंगलवार को ड्राई रन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
विज्ञापन

- डॉ. अशोक कुमार, सीएमओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें