केदारनगर। इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत डांड़ी महमदपुर गांव में शुक्रवार को सुबह जर्जर मकान तोड़ने के दौरान अचानक छत ढह गई, जिससे मलबे में दो मजदूर दब गए। चीख पुकार सुनकर पहुुंचे ग्रामीणों ने जब तक मलबा हटाया, तब तक एक मजदूर की मौत हो चुकी थी, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के डांड़ी महमदपुर गांव निवासी रणजीत सिंह उर्फ बब्लू का जर्जर मकान तोड़ा जा रहा है। शुक्रवार को भी मकान तोड़ने में मजदूर लगे हुए थे। बताया जाता है कि दो मजदूर छत पर चढ़कर एक तरफ की छत को तोड़ रहे थे कि इसी बीच अचानक पूरी छत भरभराकर ढह गई। इससे दोनों मजदूर मलबे में दब गए। घटना से चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने जब तक मलबा हटाया, तब तक पवन कुमार (25) निवासी डांड़ी की मौत हो चुकी थी, जबकि इसी गाव निवासी सुरेेश (40) गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
इस बीच जानकारी होने पर एसओ इब्राहिमपुर प्रमोद सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही जानकारी ली। एसओ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। मजदूर की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।