अंबेडकरनगर के आलापुर तहसील मुख्यालय पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते भीम आर्मी के पदाधिकारी व कार्यकर
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
आलापुर। भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की सूचना पर बुधवार को पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया से जैसे ही प्रशासन को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के तहसील मुख्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन की खबर मिली तो फौरन पुलिस प्रशासन सक्रिय हो उठा। कई अन्य थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। फायर टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। एएसपी भी आलापुर तहसील पहुंच गए। पुलिस के कड़े पहरे के बीच भीम आर्मी पदाधिकारियों ने एसडीएम को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी शिकायतों का समाधान आगामी 10 दिन के अंदर न हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
आलापुर तहसील मुख्यालय पर भीम आर्मी के मंडल अध्यक्ष निखिल राव ने अपने समर्थकों के साथ ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तीन वर्ष से आराजी देवारा गांव में बन रहे पुल के निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की गई। कहा गया कि पुल न होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी मुश्किल हो रही है। गांव में चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने की भी मांग की। साथ ही ग्राम पंचायत के नागरिकों को समुचित राशन उपलब्ध कराने की मांग की। गढ़वल से सिंघलपट्टी संपर्क मार्ग की बदहाल हो चुके पुल को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की।
पदाधिकारियों ने कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान 10 दिन के अंदर न हुआ तो संगठन बड़ा आंदोलन करने के लिए विवश होगा। एसडीएम धीरेन्द्र श्रीवास्तव ने भरोसा दिलाया कि तहसील स्तर की जो भी शिकायतें होंगी, उसे दो से तीन दिन के अंदर निस्तारित कर दिया जाएगा। उधर, तहसील मुख्यालय पर भीम आर्मी के सैकड़ों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के लिए पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एएसपी संजय कुमार राय के अलावा सीओ टांडा संतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एएसपी ने पदाधिकारियों से वार्ता भी की, मौके पर भीम आर्मी के बलराम, राजकुमार, चन्द्रकेश, समीर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।