अंबेडकरनगर के भीटी ब्लाक पर पुलिस अभद्रता से नाराज होकर प्रदर्शन करते सफाई कर्मचारी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
भीटी। सफाई कर्मचारी संघ के भीटी ब्लॉक अध्यक्ष से भीटी थाने के दो सिपाहियों की ओर से कथित तौर पर अभद्रता किए जाने के विरोध में बुधवार को नाराज सफाई कर्मियों ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। वे मुख्य गेट पर ही प्रदर्शन करते हुए दोषी दोनों सिपाहियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। कहा कि जब तक संबंधित पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक किसी को भी ब्लॉक के अंदर जाने नहीं दिया जाएगा। खंड विकास अधिकारी व भीटी थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लगभग ढाई घंटे तक चला धरना समाप्त हो सका।
बुधवार को सुबह कार्यालय खुलने से पहले ही बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश सिंह के नेतृत्व में विकास खंड मुख्यालय पहुंच गए। उन्होंने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और गेट के सामने ही धरने पर बैठ गए। ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश सिंह ने कहा कि वे बीती 23 अगस्त को एक काम से भीटी थाने गए हुए थे। वहां तैनात दो सिपाहियों ने न सिर्फ उनके साथ अभद्रता की, बल्कि धक्का देकर थाने में बैठा लिया। हालांकि बाद में उन्हें जाने दिया गया। इसकी शिकायत जिम्मेदारों से की गई, लेकिन संबंधित पुलिस कर्मियों पर किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। कहा कि इससे पहले भी कई बार पुलिसकर्मी आम नागरिकों के साथ अभद्रता कर चुके हैं।
ऋषि कपूर, सुनील गिरि, दीपनरायन, रामसहाय यादव, गायत्री देवी, इसरावती, दीक्षा सिंह, मायावती, सुमित्रा पांडेय, रामनेवल ने कहा कि सफाई कर्मियों का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करनी ही होगी। जब तक कार्रवाई नहीं की जाती है, तब तक गेट का ताला नहीं खोला जाएगा। इस बीच ब्लॉक के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया। प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों ने उन्हें बाहर ही रोकते हुए कहा कि जब तक न्याय नहीं मिल जाएगा, तब तक प्रदर्शन समाप्त होने वाला नहीं है। बाद में खंड विकास अधिकारी अनुराग सिंह व थानाध्यक्ष संजय पांडेय मौके पर पहुंचे और मामले की जांच कर समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लगभग ढाई घंटे तक चला धरना समाप्त हो सका।