अंबेडकरनगर। सम्मनपुर थाना अंतर्गत सैदापुर गांव में गुरुवार देर शाम भूमि विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। लाठी-डंडा चलने के बीच मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। जब तक समझाकर मामला शांत कराया जाता, तब तक तीन व्यक्ति घायल हो चुके थे। बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी गंगाराम व चंद्रिका के बीच एक भूखंड को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं। गुरुवार देर शाम एक बार फिर से दोनों पक्ष भिड़ गए। आरोप है कि गंगाराम पक्ष संबंधित भूखंड पर खूंटा गाड़ रहा था। चंद्रिका पक्ष ने जब इसका विरोध किया, तो गंगाराम पक्ष ने अभद्रता शुरू कर दी। इस पर दोनों पक्ष में कहासुनी शुरू हो गई।
दोनों पक्ष से व्यक्ति लाठी-डंडा लेकर आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। चीख पुकार व गुहार पर आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर समझा बुझाकर मामला शांत कराया। मारपीट में गंगाराम (56), चंद्रिका (55) व सुशील (25) को चोटें आईं। बाद में दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। उधर पुलिस ने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।