अंबेडकरनगर। मतदान दिवस पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जिला खेल कार्यालय द्वारा गुरुवार को हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों को मतदान की शपथ दिलाई गई। प्रतियोगिता में 6 टीमों ने प्रतिभाग किया।
पहला मैच सुपर क्लब और स्टेडियम ए टीम के बीच हुआ। इसमें स्टेडियम ए ने 5-0 से जीत हासिल की। पहला सेमीफाइनल मैच हिन्द क्लब और स्टेडियम बी के बीच हुआ। इसमें स्टेडियम बी 7-0 से जीत गई। दूसरा सेमीफाइनल मैच स्टेडियम ए और स्पोर्टिंग क्लब के बीच हुआ। इसे स्टेडियम ए ने 2-0 के अंतर से जीता।
फाइनल मुकाबला स्टेडियम ए और स्टेडियम बी के बीच खेला गया। इसमें स्टेडियम बी की टीम ने स्टेडियम ए की टीम को 1 के मुकाबले 4 गोल से कांटे की टक्कर में एक्स्ट्रा टाइम तक चले मुकाबले में पराजित कर विजेता ट्रॉफी जीत ली। जिला खेल अधिकारी ने कहा कि खेल प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करना है। आयोजन खेल प्रशिक्षक मृत्युंजय सिंह की देखरेख में हुआ।