अंबेडकरनगर। बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की प्रथम इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। महाविद्यालय के पीजी हाल में शुरू हुए इस शिविर में योजना के शिविरार्थियों ने लक्ष्य गीत, संकल्प गीत व विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से शिविर में मिली सीख को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
प्राचार्या डॉॅ. शुचिता पांडेय ने शिविर का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीपार्चन व पुष्पार्चन कर किया। बताया कि छात्र जीवन में एनएसएस का अपना विशेष महत्व है। छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ समाज के बारे में जानने व उनकी समाज के प्रति क्या जिम्मेदारियां हैं, इसकी जानकारी हासिल होती है। उन्होंने युवाओं से शिविर का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सत्य प्रकाश त्रिपाठी, बीएड् विभाग के अनिल सिंह, सुरेंद्र कुमार सिंह व कार्यक्रम अधिकारी आलोक तिवारी ने शिविरार्थियों को समाज व राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने को कहा। कहा कि युवाओं को सात दिवसीय इस शिविर में काफी कुछ सीखने को मिलेगा। ऐसे में जरूरी है कि वह गुरुजनों द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।