अंबेडकरनगर। पौधे रोपते ही उन्हें जानवरों द्वारा कई जगह चर लिए जाने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने पर डीएम सैमुअल पॉल एन ने संज्ञान लिया है। उन्होंने वन विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इसकी पुनरावृत्ति कतई न होने पाए। पौधों को लगाने के साथ ही उनकी सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
पांच जुलाई को वन महोत्सव का आयोजन कर पूरे जिले में रिकॉर्ड 27 लाख से अधिक पौधे लगाए गए थे। यह बात अलग रही कि पौधों की सुरक्षा तय करने की तरफ ध्यान नहीं दिया गया। पौधरोपण से पहले ही डीएम व नोडल अधिकारी नगर विकास सचिव रंजन कुमार ने निर्देश दिया था कि लगाए जाने वाले पौधों की बेहतर देखभाल व सुरक्षा तय हो। इसके बावजूद मंगलवार को हुए पौधरोपण अभियान में इन निर्देशों का ध्यान नहीं रखा गया।
नतीजा यह हुआ कि कई जगह पौधरोपण के बाद ही पशु पौधों को चर गए। सिर्फ अमर उजाला ने इस लापरवाही को प्रमुखता से प्रकाशित किया। डीएम ने इसका संज्ञान लिया। सीडीओ व डीएफओ को प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए कहते हुए वन, विकास समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों, एसडीएम, तहसीलदार व खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस तरह की पुनरावृत्ति कहीं और न हो। यह तय किया जाए कि जहां भी पौधरोपण हुआ है, उनका पूरी तरह सुरक्षा हो। पौधों की नियमित देखभाल की जाए।