विलंब से अकबरपुर पहुंची सात ट्रेनें
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। लगभग एक माह सोमवार को सभी ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से हुआ। सभी ट्रेन के अकबरपुर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने से गंतव्य तक जाने वाले यात्रियों ने राहत की सांस ली। हालांकि सात ट्रेन के विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने से कुछ मुश्किलें जरूर हुईं।
सोमवार का दिन ट्रेन यात्रियों के लिए राहत भरा रहा। कारण यह कि न तो कोई ट्रेन निरस्त रही और न ही किसी का रूट डायवर्जन रहा। मालूम हो कि अकबरपुर वाराणसी रेलमार्ग पर चल रहे कई प्रकार के कार्य व वाराणसी में यार्ड के निर्माण के चलते बीते लगभग एक माह से प्रतिदिन पांच से छह जोड़ी ट्रेनों का जहां रूट डायवर्जन हो रहा था तो वहीं कई ट्रेनें निरस्त भी रहती थीं। इससे यात्रियों को मुश्किलें उठानी पड़ रहीं थीं।
इस बीच सोमवार को सभी ट्रेन अकबरपुर रेलवे स्टेशन से होकर गुजरीं। इससे गंतव्य तक जाने के लिए यात्रियों की मुश्किलें दूर हुईं। हालांकि सात ट्रेन घंटों विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन आईं। इसमें जम्मूतवी अप दो घंटा, गंगा सतलज अप दो घंटा, दून अप पांच घंटा, फरक्का अप दो घंटा, इंदौर पटना डाउन दो घंटा, कोटा पटना डाउन डेढ़ घंटा, गंगा सतलज डाउन दो घंटा विलंब से अकबरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। संवाद