अंबेडकरनगर। जिले में शनिवार रात से तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से आम नागरिकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रात में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति भी ध्वस्त हो गई। इससे जहां नागरिकों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी, वहीं अकबरपुर नगर के कई क्षेत्रों में लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। बारिश के चलते शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या ज्यादा गहरा गई है। वहीं बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी का माहौल है। किसानों की मानें तो ऐसे मौसम की ही जरूरत है। इससे धान की फसलों को काफी लाभ पहुंचेगा।
जिले में कई दिनों से बारिश का सिलसिला जारी है। कुछ क्षेत्रों में हल्की तो कुछ में तेज बारिश हो रही है। शनिवार रात जिला मुख्यालय समेत विभिन्न क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से कई उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ताओं की बिजली गायब रही। इससे नागरिकों को दिक्कतें हुईं। अकबरपुर नगर के वैरमपुर बरवां उपकेंद्र से जुड़े नागरिक रात भर बिजली का इंतजार करते रहे, लेकिन बहाल नहीं हो सकी। रविवार दिन में सुबह करीब 9 बजे बहाल हुई। इसी तरह अकबरपुर उपकेंद्र के साउथ बेस्ट व टाउन फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं की बिजली घंटों बाधित रही।
जिला मुख्यालय के अलावा अन्य क्षेत्रों का भी यही हाल रहा। टांडा, जलालपुर, भीटी, महरुआ, आलापुर आदि क्षेत्रों में भी नागरिकों को विद्युत समस्या से जूझना पड़ा। विद्युत आपूर्ति बाधित होने के चलते अकबरपुर नगर के कई मोहल्लों में पेयजल संकट भी बना रहा। अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर जहां शनिवार सुबह भी नागरिकों को पेयजल संकट से जूझना पड़ा। वहीं रविवार को भी पेयजल आपूर्ति ठीक से नहीं हुई। इससे नागरिक खासे परेशान हुए। बारिश से शहरी क्षेत्र के नागरिकों को सबसे ज्यादा जलभराव की समस्या से दिक्कत हो रही है। सड़कों पर जगह जगह हुए जलभराव व जमा कीचड़ आवागमन में बाधक