अंबेडकरनगर। जाति आधारित जनगणना कराने, नए कृषि कानूनों की वापसी व ईवीएम मुक्त चुनाव कराने की मांग को लेकर रविवार को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। बाद में अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अकबरपुर कोतवाल को सौंपा। कहा कि जब तक सरकार उनकी इन मांगों को पूरा नहीं करेगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
जिलाध्यक्ष आत्माराम यादव की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पर एकजुट राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। इसमें जाति आधारित जनगणना करानेे, नए कृषि कानून की वापसी करने व चुनाव में ईवीएम के प्रयोग पर रोक लगाए जाने की मांग की गई। कहा कि सरकार इन तीनों मुद्दों का जल्द समाधान करे। कहा कि जाति आधारित जनगणना कराए जाने पर ही सभी को उसका समुचित हक मिल सकेगा।
इसके अलावा तीनों नए कृषि कानूनों के खत्म होने से किसान राहत महसूस करेगा। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अकबरपुर कोतवाल को सौंपा। ओबीसी मोर्चा के इस प्रदर्शन को बहुजन क्रांति मोर्चा ने भी अपना समर्थन दिया। इस मौके पर जितेंद्र राजभर, जयप्रकाश, जयसिंह राणा, साजन राजभर, लालजी वर्मा, विकास सक्सेना, राकेश व ओमवीर आदि मौजूद रहे।