महरुआ (अंबेडकरनगर)। ईद पर्व में शांति व्यवस्था को बनाएं रखने के लिए महरुआ थाना परिसर में पीस कमेटी बैठक का आयोजन हुआ। इसमें धर्मगुरुओं व संभ्रांत नागरिकों ने हिस्सेदारी करते हुए सभी से ईद पर अमन चैन का माहौल कायम बनाए रखने में हर संभव सहयोग देने की अपील की। कहा कि सभी लोग अपनी नैतिक जिम्मेदारियों का पालन सुनिश्चित करें।
आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने से ही समाज में खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होगा। इस दौरान मौजूद थानाध्यक्ष ने साफ किया कि पर्व के दौरान बिना अनुमति के कोई भी जुलूस नहीं निकलेगा। इसके साथ ही लाउडस्पीकर व डीजे को भी तय समयावधि तक ही निश्चित आवाज में बनाने की अनुमति होगी।
थाना परिसर में थानाध्यक्ष विवेक वर्मा की अध्यक्षता में हुई पीस कमेटी की बैठक में कहा कि कोई भी त्योहार व पर्व जन सहयोग के बिना सफल नहीं बनाया जा सकता है। ऐसे में जरूरी है कि सभी लोग पर्व को अमन चैन के साथ बनाए रखने में अपना सहयोग करें। पर्व की खुशहाली तभी है, जब समाज के लोग धर्म व जाति के बंधन से हटकर आपसी एकता पर बल देंगे।
कहा कि रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी भी धार्मिक स्थल या कार्यक्रम में डीजे व तेज स्पीकर बजाना सख्त मना है। किसी तरह का जुलूस आदि बगैर अनुमति के नहीं निकलेगा। यदि कोई माहौल को खराब करने की कोशिश करता है तो तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी जाए। ऐसे लोगों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा। किसी को भी मनमानी करने या नियम विरुद्घ आचरण करने की छूट नहीं दी जा सकती।