अंबेडकरनगर। अर्दली का पद कौन सा होता है, ऐसा तो कोई पद जिला अस्पताल में नहीं है। इसे अविलंब हटाया जाए। यह निर्देश गुरुवार को एडी स्वास्थ्य डॉ. एसके श्रीवास्तव ने जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान सीएमएस को दिए। उन्होंने सभी चिकित्सकों को निर्देशित किया कि रजिस्टर में मरीज का नाम लिखने के साथ ही उसे दी जाने वाली दवा व संबंधित बीमारी का नाम भी लिखा करें। शौचालय के अव्यवस्थित होने पर जिम्मेदारों को फटकार भी लगाई। कहा कि सभी व्यवस्थाएं चुस्त दुरुस्त होनी चाहिए।
एडी स्वास्थ्य डॉ. एसके श्रीवास्तव जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। वह निरीक्षण करते हुए बाल रोग कक्ष में पहुंचे, तो वहां एक व्यक्ति बैठा मिला। जब उन्होंने उससे पूछा कि वह कौन है, तो उसने खुद को अर्दली बताया। इस पर उन्होंने कहा कि यह अर्दली पद कब से जिला अस्पताल में सृजित हो गया। यह सब नहीं चलेगा। इसे तुरंत पद से हटाया जाए। ओपीडी व हड्डी कक्ष में पहुंचे और रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देशित करते हुए कहा कि रजिस्टर पर मरीज के नाम के साथ ही उसे दी जाने वाली दवा के साथ ही संबंधित बीमारी के बारे में भी जानकारी दी जाए।
एडी स्वास्थ्य ने ओपीडी में स्थित शौचालय का जायजा लिया, तो वहां गंदगी मिली। इस पर उन्होंने जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि शौचालय की समुचित सफाई की जाए। इस मौके पर सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. मनोज शुक्ला आदि मौजूद रहे।