अंबेडकरनगर में करवा चौध व्रत को लेकर सामानों की खरीददारी करतीं महिलाएं।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। पति की दीर्घायु के लिए मनाए जाने वाले करवाचौथ पर्व की तैयारियां जिले में तेज हो गई हैं। पर्व से संबंधित सामग्रियों की दुकानें जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह सज गईं। इनकी खरीदारी का दौर सुबह से ही प्रारंभ हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। इसके अलावा साड़ी व आभूषण की भी खरीदारी ने जोर पकड़ लिया है।
आगामी रविवार को पति की दीर्घायु की कामना के लिए मनाए जाने वाले करवाचौथ पर्व को लेकर महिलाओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं और देर शाम चांद देखने के बाद पति के हाथों पानी पीकर व्रत का पारण करती हैं। बीते कुछ वर्षों से जिले में करवाचौथ पर्व उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। न सिर्फ शहरी व नगरीय क्षेत्रों में, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी उल्लास के साथ पर्व मनाया जाता है।
इस बीच पर्व को देखते हुए जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह पूजा से संबंधित सामग्रियों की दुकानें सज गईं। जिला मुख्यालय के शहजादपुर, पटेलनगर, बस स्टेशन क्षेत्र में कलश, चलनी समेत अन्य सामग्रियों की दुकानों पर पहुंचकर सुबह से ही महिलाओं द्वारा खरीदारी का सिलसिला शुरू कर दिया जाता है, जो देर शाम तक जारी रहता है।
इसके अलावा साड़ी व आभूषण की भी खरीदारी बढ़ चढ़कर महिलाओं द्वारा की जा रही है। शहजादपुर के साड़ी व्यवसायी हाजी जमाल ने कहा कि सिल्क व बनारसी साड़ी की मांग इस बार अधिक है। व्यवसायी राजकुमार ने कहा कि कढ़ी हुई काटन की साड़ी की मांग अधिक है। इसके अलावा सिल्क की साड़ी की भी मांग है। पूजा समग्री के विक्रेता संजय ने कहा कि महिलाएं ऐसी सामग्रियों की खरीदारी बढ़ चढ़कर कर रही हैं।