अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के डोयेन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय डोयेन चैंपियंस लीग के दूसरे दिन विभिन्न खेलों का सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। क्रिकेट, कैरम, चेस व खो-खो की आयोजित प्रतियोगिताओं में बालकों के साथ ही बालिकाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभायी। अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को परास्त कर फाइनल में जगह बनाने में कई टीमें सफल रही हैं। लीग का फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
अकबरपुर नगर के डोयेन चैंपियंस लीग के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। अशोका हाउस की जूनियर टीम ने क्रिकेट प्रतियोगिता में 36 गेंदों पर 42 रनों का स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टैगोर हाउस की टीम ने 30 गेदों में 45 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसके साथ ही टैगोर हाउस की टीम फाइनल में पहुंच गई। दूसरा मुकाबला शिवाजी हाउस व राणा प्रताप हाउस के बीच खेला गया। शिवाजी की टीम ने 65 रन का लक्ष्य खड़ा किया, जबकि राणा प्रताप हाउस की टीम 40 रन पर ही ढेर हो गई। इसके साथ ही शिवाजी की टीम फाइनल मुकाबले में पहुंच गई।
जूनियर बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में राणा प्रताप व शिवाजी की टीम ने सेमीफाइनल मुकाबला जीत कर फाइनल में पहुंची। खो-खो बालिका सीनियर वर्ग की अशोका हाउस की टीम मुकाबला जीत कर फाइनल में पहुंच गई। चेस प्रतियोगिता जूनियर बालिका वर्ग की लाडली व स्वास्तिका ने सेमीफाइनल में जीत दर्ज करते हुए फाइनल में पहुंची। कैरमबोर्ड सीनियर बालिका वर्ग में अशोका हाउस की कुलसुम व शिफा तथा टैगोर हाउस की अल्का व पलक ने जीत दर्ज की। कैरमबोर्ड में बालक के राणा प्रताप हाउस के प्रिंस व ईतिश तथा टैगोर हाउस के आयुष व हुजैफा सिद्दीकी सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचे। खेल प्रतियोगिता का आयोजन शिक्षिका आसिया, शुभम त्रिपाठी, पीएन मिश्र की देखरेख में हो रहा है।
विद्यालय निदेशक अभिनव त्रिपाठी ने बताया कि डोयेन चैंपियंस लीग का फाइनल मुकाबला बुधवार को विद्यालय परिसर में खेला जाएगा। कहा कि छात्र-छात्राओं को समय-समय पर ऐसे अवसर प्रदान किए जाते हैं, जिससे वह शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर सकें। प्रधानाचार्या प्रीती श्रीवास्तव ने कहा कि खेल प्रतियोगिता कुशलतापूर्वक संपन्न हो, इसके लिए जरूरी व्यवस्था की गई है। फाइनल मुकाबला जीतने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।