अंबेडकरनगर। जिला मुख्यालय से संदिग्ध हालात में लापता हुए अधिवक्ता का शव तीन दिन बाद गुरुवार को अकबरपुर नगर में तमसा नदी पुल के निकट पानी में उतराता मिला। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया है।
अकबरपुर नगर के कुंज गली क्षेत्र निवासी अधिवक्ता अवधेश पांडेय बीती 19 सितंबर की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। तब से उनकी खोजबीन की जा रही थी। गुरुवार को अपराह्न उनका शव शहजादपुर स्थित तमसा नदी के निकट पानी में उतराता मिला। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव को फौरन पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी प्रकार की चोट नहीं पाई गई है। डूबने से मौत होने का उल्लेख है।
उधर, टांडा में आयोजित अधिवक्ता संघ की बैठक की अध्यक्षता कर रहे अध्यक्ष जवाहरलाल यादव ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद व संदिग्ध है। मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपते हुए कहा गया कि मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही परिवारीजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। इस मौके पर प्रदीप मौर्या, अजय प्रताप श्रीवास्तव, हेलाल अशरफ, पारसनाथ, श्रीकांत वर्मा आदि मौजूद रहे।