कटेहरी (अंबेडकरनगर)। स्थानीय बाजार स्थित रेलवे स्टेशन कटेहरी जल्द ही नए लुक में नजर आएगा। लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन के लिए नए भवन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। रेलवे लाइन दोहरीकरण व विद्युतीकरण का कार्य जहां तेजी से चल रहा है, वहीं कटेहरी रेलवे स्टेशन को भी नया स्वरूप देने का काम प्रगति पर है। यह बात अलग है कि लगभग दो वर्ष से पैसेंजर ट्रेनों का आवागमन ठप है। इसके चलते यह स्टेशन इन दिनों सिर्फ गुजरने वाली ट्रेनों को झंडी दिखाने के ही काम आ रहा है। नागरिक जहां स्टेशन के नए निर्माण से उत्साहित हैं, वहीं रेलवे प्रशासन से इस स्टेशन पर आरक्षण टिकट की सुविधा व ट्रेनों के ठहराव की मांग भी की है।
अकबरपुर अयोध्या रेल खंड पर कटेहरी बाजार में स्थित रेलवे स्टेशन जल्द ही नए लुक में नजर आएगा। रेलवे लाइन दोहरीकरण व विद्युतीकरण के साथ ही कटेहरी रेलवे स्टेशन के दिन भी बहुर रहे हैं। लगभग एक अरब रुपये खर्च कर रेलवे विभाग स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन बनाने के कार्य पर जुट गया है। स्टेशन को नया भवन के साथ ही यात्री प्रतीक्षालय, बैठने के लिए सीट समेत अन्य सुविधाओं को मुहैया करा रहा है। स्टेशन पर इन दिनों निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। स्टेशन के दोनों तरफ 625 मीटर लंबा प्लेटफार्म भी तैयार होगा। यात्रियों को एक-दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए ऊपरगामी मार्ग का भी निर्माण होगा। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इस स्टेशन का आवागमन के दृष्टिकोण से काफी महत्व है। यह बात अलग है कि लगभग दो वर्ष पूर्व लोकल पैसेंजर ट्रेनों का संचालन ठप हो जाने से यह स्टेशन सिर्फ यहां से गुजरने वाली ट्रेनों को झंडी दिखाने के प्रयोग में आ रहा है।
कटेहरी रेलवे स्टेशन ग्रामीण क्षेत्र में है। इसके चलते यहां पैसेंजर ट्रेन के संचालन का काफी महत्व था। सुबह-शाम यहां चार बार ट्रेनों का ठहराव होता था। पैसेंजर ट्रेन वाराणसी से लखनऊ के चलती थीं। इन ट्रेनों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिकों अलावा छात्र-छात्राएं आवागमन करते थे। व्यापारियों को भी इन पैसेंजर ट्रेनों का लाभ मिलता था। सामान लाने व ले जाने के अलावा यात्रा में भी उन्हें काफी आराम मिलता था। परंतु इन ट्रेनों का संचालन ठप होने के बाद से इस क्षेत्र के यात्रियों को दूर के स्टेशनों तक जाना पड़ता है। फिलहाल स्टेशन के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू होने से यात्रियों में उम्मीद जगी है कि शायद एक फिर कटेहरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के आवागमन के अनाउंस की आवाज गूंजे और यात्रियों की आमद इस स्टेशन पर हो।
ट्रेनों के ठहराव की उठाई मांग
कटेहरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग फिर तेज हो गई है। करोड़ों रुपये खर्च कर रेलवे विभाग के स्टेशन के सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किए जाने के बीच नागरिकों ने स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव व आरक्षण टिकट काउंटर संचालन की मांग तेज कर दी है। युवक मंगल दल के पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग बली, सपा जिला सचिव रघुविंदर सिंह यादव, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेश सोनी, व्यापारी नेता ओमशंकर सोनी, दिनेश कुमार, ग्राम प्रधान विक्रम यादव आदि ने रेलवे प्रबंधन से कटेहरी स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग की है। कहा कि जब तक स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव व आरक्षण टिकट काउंटर नहीं खोला जाएगा, तब तक आसपास के दर्जनों गांवों के नागरिकों की मुश्किलें कम नहीं होंगी।
किया जा रहा स्टेशन का सौंदर्यीकरण
स्टेशन के सौंदर्यीकरण व विस्तारीकरण का कार्य इन दिनों चल रहा है। पैसेंजर ट्रेनों का संचालन वर्ष 2020 से बंद हैं। ट्रेनों के संचालन को लेकर अभी कोई सूचना प्राप्त नही है।
- सुरेश कुमार, स्टेशन मास्टर कटेहरी