अंबेडकरनगर के विसुही नदी पर रामपुर बनेथू में निर्माणाधीन पुल का जायजा लेते डीएम व अन्य।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। बिसुही नदी पर रामपुर बनेथू में निर्माणाधीन पुल का सोमवार को डीएम सैमुअल पॉल एन ने औचक निरीक्षण किया। पुल निर्माण में सुस्त रफ्तार पाए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। निरीक्षण के दौरान एप्रोच मार्ग पर केवल मिट्टी पटाई का कार्य पाया गया, वह भी अपूर्ण था। इस पर डीएम ने कार्यदायी संस्था को हिदायत दी कि यदि जल्द ही कार्य में तेजी नहीं आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने सोमवार को बिसुही नदी पर निर्माणाधीन रामपुर बनेथू पुल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुल निर्माण में घोर लापरवाही सामने आई। सुस्त कार्य होने पर डीएम ने सख्त नाराजगी जाहिर की। कहा कि इस परियोजना को सितंबर 2021 तक पूर्ण करना है। कहा कि कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।
परियोजना प्रबंधक को हिदायत दी कि यदि कार्य में अब ढिलाई बरती गई तो कड़ी कार्रवाई होगी। कहा कि पुल निर्माण समय सीमा के अंदर होना चाहिए। कार्यों में शिथिलता बरते जाने से न सिर्फ आम जनता की मुश्किलें बढ़ती हैं, बल्कि राजस्व की क्षति भी होती है। ऐसे में जिन संस्थाओं को भी जिम्मेदारी मिली है, वह उसे समय सीमा के अंदर पूर्ण करें।
डीएम ने कहा कि जल्द ही जिले में चल रहीं अन्य परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया जाएगा। कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाए। इस मौके पर अर्थ एवं संख्या अधिकारी अरुण कुमार शुक्ल, अनुपम सिंह, परियोजना प्रबंधक मोहिम, अधिशाषी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग नदीम व अपर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सर्वेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।