अंबेडकरनगर। आयुष्मान अन्त्योदय आपके द्वार योजना के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय समेत सभी नौ सीएचसी पर अभियान चलाकर 1250 पात्रों को गोल्डेन कार्ड दिया गया। पात्रों से अपील की गई कि वे गोल्डेन कार्ड के माध्यम से योजना का लाभ उठाएं। इसमें यदि किसी भी प्रकार की समस्या आए तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदारों को दें। समस्या का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
सीएमओ कार्यालय में अभियान का शुभारंभ करते हुए टांडा विधायक के प्रतिनिधि श्यामबाबू गुप्ता ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद ने पात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे योजना का लाभ उठाएं। इसमें यदि किसी भी प्रकार की मुश्किल हो तो इसकी जानकारी तत्काल जिम्मेदारों को दें। इस दौरान प्रभारी सीएमओ डॉ. रामानंद, अपर सीएमओ डॉ. आशुतोष सिंह व डॉ. संजय वर्मा मौजूद रहे।
संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरानपुर अकबरपुर में अकबरपुर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने पात्रों को गोल्डेन कार्ड उपलब्ध कराते हुए कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो सभी वर्ग का विकास बगैर किसी भेदभाव के कर रही है। कटेहरी सीएचसी में भाजपा के मीडिया प्रभारी वाल्मीकि उपाध्याय, जहांगीरगंज सीएचसी में विधायक अनीता कमल, भियांव में ब्लाक प्रमुख गौरव सिंह, जलालपुर में भाजपा नेता रामप्रकाश यादव, भीटी में भाजपा नेता अवधेश द्विवेदी, रामनगर में भाजपा जिला महामंत्री सुरेश कन्नौजिया ने पात्रों को गोल्डेन कार्ड का वितरण किया।
टांडा में व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार उर्फ शंकर गुप्ता ने आरती, सीमा व गुजराती समेत कुल 135 पात्रों को गोल्डन कार्ड वितरित किया। आयुष्मान भारत योजना के प्रभारी डॉ. मुकुल त्रिपाठी ने बताया कि कुल 1250 पात्रों को अभियान के तहत सोमवार को गोल्डेन कार्ड उपलब्ध कराया गया।