अंबेडकरनगर के प्राथमिक विद्यालय कोटवा महमदपुर में वार्षिक परीक्षा देते बऽो।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले के 1582 परिषदीय विद्यालयों में बुधवार से वार्षिक परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से प्रारंभ हुई। कक्षा एक की हिंदी मौखिक परीक्षा हुई, जबकि कक्षा 2 से 5 तक की प्रथम पाली में हिंदी लिखित तथा दूसरी पाली में हिंदी मौखिक परीक्षा हुई। इसी प्रकार कक्षा 6 से कक्षा 8 तक प्रथम पाली में हिंदी व दूसरी पाली में पर्यावरण शिक्षा विषय की परीक्षा हुई। इस बीच परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए थे।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 1582 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। बीएसए कार्यालय के अनुसार परीक्षा में कुल 1 लाख 56 हजार 171 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली साढ़े 9 से साढ़े 11, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा साढ़े 12 बजे से ढाई बजे तक हुई। बीएसए कार्यालय के सुरेश तिवारी ने बताया कि कक्षा 1 की हिंदी की मौखिक परीक्षा हुई। कक्षा 2 से कक्षा 5 तक हिंदी लिखत, जबकि कक्षा 6 से कक्षा 8 तक हिंदी विषय की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में कक्षा 2 से 5 तक हिंदी मौखिक तथा कक्षा 6 से कक्षा 8 तक पर्यावरण शिक्षा विषय की परीक्षा हुई।
बीएसए कार्यालय के अनुसार परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र तो बीएसए कार्यालय ने उपलब्ध कराया, जबकि उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा कराई गई। बताया कि परीक्षा प्रारंभ होने से आधा घंटा पहले प्रधानाध्यापक ने संबंधित विद्यालय के एक सहायक अध्यापक व विद्यालय प्रबंध समिति के दो सदस्यों की उपस्थिति में सीलबंद लिफाफे को खोलकर उसमें से प्रश्नपत्रों को निकाला गया। साथ ही उनका बीएसए कार्यालय से आए पेपर की संख्या से मिलान भी कराया गया।
सुचारु रूप से प्रारंभ हुई परीक्षा
परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा बुधवार से प्रारंभ हुई है। सुचारु रूप से परीक्षा पहले दिन संपन्न हुई। कहीं से किसी भी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई। -भोलेंद्र प्रताप सिंह, बीएसए