अंबेडकरनगर पुलिस लाइन में कौमी एकता दिवस के मौके पर देश की एकता व अखंड़ता का संकल्प लेते पुलिसकर्
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले में राष्ट्रीय अखंडता को बनाए रखने की शपथ के साथ कौमी एकता सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर डीएम सैमुअल पॉल एन के निर्देशन में आयोजित एक कार्यक्रम में मौजूद अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्रीय अखंडता कायम रखते हुए हमेशा देश हित में काम करने का संकल्प दिलाया । कहा कि देश की एकता व अखंडता कायम रहे इसके लिए देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना होगा। पुलिस लाइन में भी कौमी एकता सप्ताह के मौके पर एक शपथ कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
एडीएम अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि कौमी एकता सप्ताह प्रत्येक वर्ष 19 नवंबर से 25 नवंबर तक मनाया जाता है। इस पूरे सप्ताह समारोह के माध्यम से पुरानी परंपराओं, संस्कृति और सहिष्णुता को कायम बनाए रखने से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन होता है। इस मौके पर मौजूद कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी सत्य निष्ठा के साथ देश की आजादी तथा अखंडता बनाए रखने और उसे मजबूत करने के लिए समर्पित होकर कार्य करने की शपथ दिलायी गयी।
पुलिस लाइन में सीओ अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों को देश की एकता अखंडता व कौमी एकता बनाए रखने के लिए कार्य करने का संकल्प दिलाया गया।