फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कड़ी सुरक्षा में होगा नामांकन, तैयारियां तेज

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए चार फरवरी से प्रस्तावित नामांकन प्रक्रिया की तैयारियां तेज हो गई हैं। 11 फरवरी तक चलने वाले नामांकन में इस बार काफी कुछ बदला नजारा होगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए चुनाव आयोग ने नामांकन के लिए किसी भी प्रकार की रैली या फिर जुलूस निकालने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा रखी है। प्रत्याशियों को सादगी के साथ कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए नामांकन करना होगा। नामांकन के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने व कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम होंगे। नामांकन स्थल से 200 मीटर के दायरे में किसी को भी प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
विज्ञापन

जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों के लिए मतदान तीन मार्च को होगा। ऐसे में इसके लिए प्रत्याशी चार फरवरी से नामांकन कर सकेंगे। 11 फरवरी तक चलने वाले नामांकन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार चार फरवरी से प्रत्याशी 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। तीन बजे तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे।
अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष संख्या दो, कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी कक्ष संख्या 41, टांडा के प्रत्याशी कक्ष संख्या 36, आलापुर के प्रत्याशी कक्ष संख्या 35 तथा जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी कक्ष संख्या में 30 में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। 14 फरवरी को 11 से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी। 16 फरवरी को 11 से तीन बजे तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे। 16 फरवरी को ही तीन बजे के बाद चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

प्रत्याशी के साथ दो लोग ही जा सकेंगे अंदर
नामांकन करने के लिए प्रत्याशी के साथ मात्र दो प्रस्तावक ही एक बार में नामांकन कक्ष के अंदर जा सकेंगे। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार प्रत्याशी समेत पांच लोग वाहन से नामांकन स्थल तक जा सकेंगे। इसके बाद एक बार में प्रत्याशी के साथ दो प्रस्तावक नामांकन कक्ष में जाएंगे। जब दोनों प्रस्तावक जरूरी प्रक्रिया के बाद बाहर निकलेंगे, तो इसके बाद दो अन्य प्रस्तावक नामांकन कक्ष में जा सकेंगे। सभी को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। सभी को कोरोना टीकाकरण की दूसरी डोज लेना अनिवार्य होगा। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के प्रत्याशी के नामांकन में चार प्रस्ताव रहेंगे, जबकि निर्दल प्रत्याशियों के लिए 10 प्रस्तावक रहने जरूरी हैं। सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रत्याशियों को 10 हजार रुपये की जमानत राशि जमा करनी होगी। एससी-एसटी वर्ग के प्रत्याशियों के लिए यह राशि 5 हजार रुपये निर्धारित है।
गेट तीन से होगा नामांकन के लिए प्रवेश
सीओ सदर अशोक सिंह ने बताया कि नामांकन के समय अकबरपुर टांडा मार्ग पर रूट डायवर्जन रहेगा। नामांकन करने के लिए प्रत्याशी को गेट नंबर तीन से प्रवेश करने दिया जाएगा। बताया कि नामांकन करने के लिए प्रत्याशियों को अकबरपुर बसखारी मार्ग के गेट से ही कलेक्ट्रेट में प्रवेश करने दिया जाएगा। एडीएम आवास के निकट लगे बैरियर पर ही प्रत्याशियों के वाहन को रोक दिया जाएगा। वहां से प्रत्याशी व प्रस्तावक पैदल गेट नंबर तीन से प्रवेश करेंगे। इसके अलावा टांडा की तरफ से आने वाले प्रत्याशियों को कटरिया याकूबपुर से एनएच 232 होते हुए बसखारी मार्ग पर भेजा जाएगा। रूट डायवर्जन के दौरान एंबुलेेंस व अधिकारियों के वाहनों को आने-जाने की अनुमति रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें