जलालपुर। भट्ठी में आग जलाने के दौरान पंखे में उतरे करंट की चपेट में आकर मालीपुर बाजार में मिठाई दुकानदार की सोमवार को सुबह मौत हो गई। घटना से बाजारवासियों में शोक व्याप्त हो गया। मालीपुर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मालीपुर थाना क्षेत्र के बैरागल आशानंदपुर गांव निवासी प्रवेश कुमार (22) मालीपुर बाजार में मिठाई की दुकान करता था। प्रतिदिन की तरह वह सुबह दुकान पर भट्ठी जला रहा था। बताया जाता है कि कोयले में आग पकड़ाने के लिए पंखे से भट्ठी में हवा कर रहा था। अचानक पंखे में करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, परंतु यहां पहुंचने से पहले रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एसओ राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।