अंबेडकरनगर के जिला जेल के निरीक्षण पर पहुंचे डीएम, एसपी व सीजेएम।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिला जज पद्म नरायन मिश्र, डीएम सैमुअल पॉल एन, एसपी आलोक प्रियदर्शी व सीजेएम पूनम सिंह ने गुरुवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। वहां विभिन्न बैरक के साथ ही परिसर में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं बरामद हुई। बंदियों के परिवारीजनों से बात कराने के लिए जेल अधीक्षक द्वारा स्थापित कराए गए पीसीओ की जिला जज ने सराहना करते हुए कहा कि जरूरी सुविधाएं लगातार मुहैया होती रहनी चाहिए।
दोपहर में औचक निरीक्षण पर पहुंचे अधिकारियों का स्वागत जिला कारागार अधीक्षक हर्षिता मिश्रा ने किया। अधिकारियों ने महिला बैरक, अस्पताल वार्ड, अस्पताल एकल वार्ड तथा विशेष सुरक्षा बैरक का जायजा लेने के साथ ही वहां निरुद्ध बंदियों से वार्ता की। संपूर्ण परिसर में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई। न ही किसी बंदी ने किसी प्रकार की अव्यवस्था की शिकायत की। जनपद स्तरीय अधिकारियों ने बंदियों से भोजन की गुणवत्ता को लेकर जानकारी हासिल की, जिसमें बताया गया कि कोई शिकायत नहीं है।
अधिकारियों ने सफाई व जलनिकासी आदि व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। जिला जज ने बंदियों के परिवारीजनों से बात कराने के लिए परिसर में पीसीओ स्थापित कराने के लिए जेल अधीक्षक हर्षिता मिश्रा के प्रयासों की सराहना की। कहा कि जो भी जरूरी सुविधाएं हैं, वह दी जाती रहें। जेल अधीक्षक ने अधिकारियों को बताया कि कारागार में बंदियों के पुनर्वासन के लिए कुम्हारी कला का प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।