अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते संविदा कर्मचारी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने समेत अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले गुरुवार को जिला अस्पताल में कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। विरोध जताने के लिए सभी संविदा कर्मियों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर काम काज किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उन्हें उनका हक नहीं मिला तो शुक्रवार से एक घंटे का कार्य बहिष्कार शुरू होगा। इसके बाद 27 नवंबर को सभी संविदा कर्मी लखनऊ में एकजुट हो कर प्रदेश व्यापी धरना प्रदर्शन भी करेंगे।
विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे संगठन के जिलाध्यक्ष वंशमणि पांडेय ने कहा कि स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी अपनी ड्यूटी को पूरी ईमानदारी के साथ निभाते हैं, इसके बाद भी उन्हें इस महंगाई के दौर में काफी कम मानदेय दिया जा रहा है। कर्मचारी बीते लंबे समय से समान कार्य के लिए समान वेतन दिए जाने की मांग कर रहे हैं लेकिन शासन प्रशासन दोनों ही पूरी तरह उदासीन बने हैं। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला उपाध्यक्ष डा. आमिर अब्बास ने कहा कि स्थानांतरण नीति को भी लंबे समय से मांग के बावजूद लागू नहीं किया जा रहा है। स्थानांतरण नीति लागू न होने से सबसे अधिक समस्या महिला कर्मचारियों को हो रही है। ऐसे में समस्याओं को देखते हुए संविदा कर्मियों के लिए भी तत्काल स्थानांतरण नीति लागू की जाए।