चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए सोमवार रात जनपद न्यायालय परिसर से आठ स्टांप विक्रेताओं के बाक्से का ताला तोड़ डाला। चोरों ने करीब 12 हजार रुपये के स्टांप और लगभग छह हजार रुपये नगदी पार कर दी। मंगलवार को इसकी जानकारी होने पर स्टांप विक्रेताओं व अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया।
बाद में पीड़ित स्टांप विक्रेताओं की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है। जिला मुख्यालय पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। आए दिन घरों व दुकानों के ताले टूट रहे हैं। इनमें से अधिकतर चोरी की वारदातों का खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है, जिसके कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।
सोमवार रात चोरों ने जनपद न्यायालय परिसर स्थित शेड नंबर छह, सात व आठ में स्थित आठ स्टांप विक्रेताओं के बाक्स का ताला तोड़ डाला। चोर वकालतनामा, लगभग 12 हजार रुपये का स्टांप व छह हजार नगदी ले गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी स्टांप विक्रेताओं व अधिवक्ताओं को हुई तो उनमें आक्रोश फैल गया।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में पीड़ित स्टांप विक्रेताओं की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसओ महेंद्र कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर किया जाएगा।