पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेकर पहचान का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं की जा सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह कुछ ग्रामीण शिवबाबा के निकट से गुजरने वाली अकबरपुर फैजाबाद रेल लाइन की तरफ शौच के लिए जा रहे थे। उन्हें वहां एक वृद्ध का क्षतविक्षत शव पड़ा दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना आसपास के क्षेत्र में फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
उन्होंने शव की पहचानने का प्रयास किया, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इस बीच सूचना मिलने पर अकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने शव की पहचान का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसओ योगेश शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौत होना लग रहा है। बताया कि शव की आयु लगभग 62 वर्ष है। उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।