सरयू में डूबकर दो बच्चों की मौत
अंबेडकरनगर। दोस्तों के साथ सरयू नदी के बिड़हर घाट पर नहाने गए मंसूरगंज गांव के दो बालकों की रविवार को डूबकर मौत हो गई। घाट पर रोते-बिलखते परिवारीजनों के अलावा स्थानीय गोताखोर व पुलिस टीम भी पहुंच गई।
काफी देर तक चली खोजबीन के बाद दोनों बालकों को नदी से निकाला गया। हालांकि इन दोनों की नदी में ही मौत हो चुकी थी, लेकिन एहतियातन उन्हें जहांगीरगंज सीएचसी पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकों ने दोनों बालकों को मृत घोषित कर दिया। इससे बालकों के परिवारीजनों में जहां कोहराम मच गया, वहीं घटना से समूचे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के मंसूरगंज गांव में रविवार को उस समय चीखपुकार मच गई जब कुछ बच्चों ने गांव पहुंचकर खबर दी कि आर्यन अली (8) पुत्र अरशद व मैनुद्दीन (9) पुत्र जलालुद्दीन बिड़हरघाट पर नहाते समय सरयू नदी में डूब गए। खबर मिलते ही परिवारीजन व ग्रामीण नदी की तरफ दौड़ पड़े।
वहां मौजूद कुछ युवकों ने बच्चों की तलाश शुरू की। इस बीच ग्रामीणों ने घटना की जानकारी जहांगीरगंज पुलिस को दी। एसओ बीडी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिवारीजनों को बिलखते देख थाने के सिपाही अमित तिवारी का हृदय पिघल गया।
उसने अपनी वर्दी उतारी और नदी में बच्चों की तलाश में उतर पड़ा। करीब एक घंटे तक चली तलाश में अमित ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दोनों बालकों को पानी से ढूंढ निकाला।
नदी से जैसे ही दोनों बच्चे बेहोशी की दशा में बाहर निकाले गए तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया। पुलिस टीम तत्काल दोनों बच्चों को लेकर जहांगीरगंज सीएचसी पहुंची। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन दोनों को मृत घोषित कर दिया।
एसओ बीडी तिवारी ने बताया कि परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके चलते पंचनामा कर दोनों बच्चों के शव परिवारीजनों को सौंप दिए हैं। उधर घटना से जहां परिवारीजनों में मातम पसरा है, वहीं समूचे गांव में शोक की लहर दिख रही है।