एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 37 हजार उड़ाए
अंबेडकरनगर। धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 37 हजार रुपये निकालने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
लालगंज थाना अंतर्गत कम्हरिया गांव निवासी महेंद्र पाठक पुत्र रामनिहाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि मंगलवार को वह टांडा नगर के आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गए थे।
इसी बीच वहां एक युवक पहुंचा और धनराशि निकालने में मदद करने की बात कहते हुए एटीएम कार्ड ले लिया। तीन हजार रुपये निकालने के बाद वह कैश व एटीएम कार्ड महेंद्र को देकर चला गया। इसके बाद महेंद्र अपना काम निपटाने लगा।
इसी बीच उनके मोबाइल पर खाते से 37 हजार रुपये निकालने का एसएमएस आया। महेंद्र का कहना है कि रकम निकालने के दौरान ही युवक ने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया था। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।