आलापुर (अंबेडकरनगर)। चकमंडप गांव में विवादित भूमि की पैमाइश के दौरान लेखपाल की मौजूदगी में पट्टीदार ने एक वृद्धा की लाठी डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके अलावा दो अन्य को भी चोटें आईं। पुलिस ने मृतका के पुत्र की तहरीर पर छह लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव के पट्टीदार राकेश व उमाशंकर के बीच लंबे समय से एक भूखंड को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इसे लेकर दोनों पक्ष कई बार आमने सामने आ चुके हैं। गत दिवस दोनों पक्षों की शिकायत पर एसडीएम आलापुर ने पैमाइश का निर्देश दिया था। इसी क्रम में रविवार सुबह हल्का लेखपाल फकीरचंद्र पैमाइश करने गांव पहुंचे। बताया जाता है कि पैमाइश का कार्य चल ही रहा था कि इसी बीच उमाशंकर ने आपत्ति जताई। इस पर दूसरा पक्ष सामने आ गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और लाठी डंडे चलने लगे। उमाशंकर पक्ष की ज्ञानमती (65) पत्नी श्यामसुंदर की लाठी से जमकर पिटाई कर दी। उसे बचाने पहुंचे विपिन व एक अन्य को भी चोटें आईं। पिटाई से लहूलुहान हुई ज्ञानमती बेहोश होकर भूमि पर गिर पड़ी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। लेखपाल मौका देखकर वहां से चले गए तो हमलावर भी भाग खड़े हुए। परिवारीजनों ने आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले गए, जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। बाद में सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के पुत्र उमाशंकर की तहरीर पर राकेश समेत छह लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। - राहुल कुमार, एसओ आलापुर