अंबेडकरनगर। अलीगंज थाना अंतर्गत इस्माइलपुर गांव के निकट गुरुवार की दोपहर करीब मां के साथ सड़क पार कर रहे बच्चे को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। बाइक सवार को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्राहिमपुर कुसुमा गांव निवासी अजय की पत्नी अपने पुत्र आनंद (8) के साथ मायके गई हुई थी। बताया जाता है कि गुरुवार दोपहर करीब महिला अपने पुत्र को लेकर मायके से घर जाने के लिए इस्माइलपुर गांव पहुंची। वहां से वह ऑटो से उतरकर पैदल ही सड़क पार कर रही थी। उधर से गुजर रही तेज रफ्तार बाइक ने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
घटना में गंभीर रूप से घायल बालक बेहोश हो चुका था। सांस चलने की उम्मीद में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर घटना के बाद भाग रहे बाइक चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। अलीगंज पुलिस के अनुसार अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
पिकअप ने बाइक सवार युवक को कुचला, रेफर
अंबेडकरनगर। टांडा कोतवाली अन्तर्गत सद्दरपुर बाजार के पास गुरुवार की पूर्वाह्न बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया। इसमें उसे गंभीर चोटें आईं। जिला अस्पताल में प्रारंभिक इलाज के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। अन्य मार्ग हादसों में चार व्यक्ति घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
टांडा कोतवाली अंतर्गत छज्जापुर निवासी मोहम्मद इमरान (32) गुरुवार पूर्वाह्न बाइक से अकबरपुर जा रहा था। जब वह सद्दरपुर बाजार के पास पहुंचा, तो उधर से गुजर रहे पिकअप वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। इसमें उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय स्तर पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। अलीगंज थाना अन्तर्गत रायपुर गांव निवासी रामअचल (60) गुरुवार सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया, वह घर के पास से सड़क पार कर रहा था। सम्मनपुर थाना अन्तर्गत पलई रामनगर निवासी जगदीश कुमार (36) बुधवार देर शाम बाइक से जलालपुर से घर जाने के दौरान गांव के पास बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
वहीं, अहिरौली थाना अंतर्गत मिझौड़ा निवासी राजकुमार (42) बुधवार की देरशाम बाइक से अकबरपुर से घर जाने के दौरान गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। बेवाना थाना अंतर्गत बेवाना निवासी अमित कुमार (38) गुरुवार की सुबह बाइक से अकबरपुर जाने के दौरान नगर के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।