कलेक्ट्रेट में नमांकन करते बसपा के लोकसभा प्रत्याशी कमर हयात। स्रोत-सूचना विभाग
तीन अन्य प्रत्याशियों ने भी किया नामांकन, रितेश ने फिर से भरा पर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। लोकसभा चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया में शनिवार को बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार कमर हयात ने नामांकन किया। इससे पहले उन्होंने रोड शो भी किया। इनके अलावा दो अन्य दलों के उम्मीदवारों ने भी पर्चा भरा। इसके साथ ही भाजपा उम्मीदवार रितेश पांडेय ने एक बार फिर से दो सेट में पर्चा भरा।
अंबेडकरनगर सीट पर 25 मई को होने वाले मतदान के लिए नामांकन प्रक्रिया अंतिम दौर में है। शनिवार को बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार हाजी कमर हयात ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। इससे पहले उन्होंने एक रथ पर सवार होकर रोड शो भी किया। राष्ट्रीय समाज दल के श्रीराम ने दो सेट में व राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी प्रत्याशी इंदल ने एक सेट में पर्चा भरा।
वहीं बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने शनिवार को कटरिया याकूबपुर बाग में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिले का सृजन व विकास करने वाली बसपा को धोखा देने वाले लोगों को क्षेत्र की जनता इस चुनाव में सबक सिखाएगी।