अंबेडकरनगर के अतरौरा में बाढ़ के पानी के चलते इस तरह से धंस गया एप्रोच मार्ग
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। बीते दिनों हुई लगातार बारिश के पानी के चलते तमसा नदी पर अतरौरा के पास बने पुल का एप्रोच मार्ग भी धंस गया है। इसके चलते एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में मुश्किल हो रही है। इतना ही नहीं जलभराव के चलते सैकड़ों बीघा धान की फसल भी जलमग्न हो गई है।
बताते चलें कि बीते दिनों जिले में लगातार कई घंटों तक बारिश हुई थी। नदी, नाले, तालाब से लेकर खेत खलिहान हर जगह पानी ही पानी हो गया। कहीं घर गिरने की घटना सामने आई तो कहीं पेड़ व विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए। पानी के कहर के बीच दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले तमसा मार्ग पर बना अतरौरा पुल का एप्रोच मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
इससे सीहमऊ मोलनापुर, बूढनपुर, कजरी जमालदुद्दीनपुर, कटुई, महेशपुर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के नागरिकों को आवागमन में मुश्किल हो रही है। क्षेत्र के लालचन्द्र, बृजभूषण, रामकुशल मौर्य, सुरेन्द्र कुमार, विनोद, बसंतलाल, सुमंत व संतराम आदि ने जिला प्रशासन से अविलंब क्षतिग्रस्त एप्रोच मार्ग को दुरुस्त कराए जाने की मांग की है। कहा कि यदि जल्द ही मार्ग को दुरुस्त न किया गया तो बदहाली और बढ़ जाएगी। इससे आवागमन पूरी तरह ठप हो जाएगा। इससे नागरिकों की मुश्किलें काफी बढ़ जाएंगी। (संवाद)