अंबेडकरनगर। चुनाव आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को चले अभियान के दौरान निरीक्षण में एडीएम अशोक कुमार कनौजिया को लापरवाही मिली। इससे नाराज एडीएम ने तीन बीएलओ से कार्य में लापरवाही बरते जाने पर स्पष्टीकरण मांगा। चेतावनी दी गई कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो कार्रवाई की जाएगी।
मौजूदा समय में चुनाव आयोग के निर्देश पर विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। 30 नवंबर तक चलने वाले विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए लगभग प्रतिदिन जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन जिम्मेदारों को जरूरी दिशा निर्देश बैठक कर दे रहे हैं। इस बीच रविवार को चले विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
इसी क्रम में एडीएम अशोक कुमार कनौजिया ने मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय अफजलपुर का निरीक्षण किया। जहां कार्य संतोषजनक न मिलने पर एक बीएलओ से स्पष्टीकरण मांगा। इसी प्रकार मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय कटरिया में भी निरीक्षण के दौरान दो बीएलओ का कार्य संतोषजनक नहीं मिला। इस पर उन्होंने इन दोनों बीएलओ से भी जवाब मांगा। इसके अलावा एडीएम ने लगभग आधा दर्जन मतदान केंद्रों का जायजा लिया। एडीएम के साथ मौजूद तहसीलदार सदर जयप्रकाश यादव ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान से संबंधित सभी जानकारियों को गरुण एप पर लोड करें।