अंबेडकरनगर के टांडा कोतवाली का जायजा लेते अपर पुलिस महानिदेशक बृजभूषण -संवाद
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। टांडा में उपद्रव करने वाले सभी लोगों की पहचान हो गई है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। यह कहना है एडीजी (अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन) ब्रजभूषण का। वह बुधवार को कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए यहां पहुंचे थे।
एडीजी ने टांडा तहसील सभागार में धर्मगुरुओं व गणमान्य नागरिकों से मुलाकात की। यहां कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए तो एडीजी ने कहा कि एक-एक व्यक्ति को चिह्नित कर ही कार्रवाई की जा रही है। यह सब कुछ पूरी पारदर्शिता के साथ हो रहा है। पहचान के बाद कार्रवाई कर यह तय किया जा रहा है कि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने नागरिकों से कहा कि हमारा प्रयास समाज के सभी अच्छे लोगों का साथ लेकर माहौल को बेहतर बनाए रखना है। सभी गणमान्य नागरिकों व धर्मगुरुओं का साथ मिल रहा है। जुमे की अगली नमाज शांतिपूर्ण संपन्न होगी।
इससे पहले एडीजी ने टांडा कोतवाली का निरीक्षण किया। लूट, छिनैती व टप्पेबाजी जैसी घटना को रोकने के लिए प्रमुख मार्गों, चौराहों तथा सुनसान स्थानों पर आकस्मिक चेकिंग को और प्रभावी बनाने को कहा। बाद में उन्होंने डीएम सैमुअल पॉल एन व एसपी अजीत कुमार सिन्हा के साथ टांडा नगर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। इस दौरान एएसपी संजय राय, सीओ टांडा संतोष कुमार, कोतवाल टांडा बृजेंद्र शर्मा मौजूद रहे।