डीआईओएस कार्यालय के लेखाकार पर गिरी गाज
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के भुगतान में अनियमितता बरते जाने के मामले में संयुक्त शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल ने डीआईओएस कार्यालय में तैनात प्रभारी लेखाकार को निलंबित कर दिया। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच डॉयट प्राचार्य डॉ. ब्रजेश उपाध्याय को सौंप दी।
शिक्षकों ने बीते दिनों संयुक्त शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल से शिकायत दर्ज कराते हुए कहा था कि डीआईओएस कार्यालय में तैनात प्रभारी लेखाकार रामसकल ने डेढ़ करोड़ रुपये का एरियर भुगतान कई शिक्षकों को अनियमित ढंग से कर दिया। भ्रष्टाचार व मनमानी का आरोप लगाते हुए शिक्षकों ने पूरे मामले की जांच कराए जाने व दोषी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की थी।
शिकायत को संज्ञान में लेते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह ने जांच कराई। प्रथम दृष्टया मामला सही पाया गया। इस पर बृहस्पतिवार को संयुक्त शिक्षा निदेशक ने प्रभारी लेखाकार को निलंबित कर दियाा। इसके साथ ही पूरे मामले की विस्तृत जांच डॉयट प्राचार्य ब्रजेश उपाध्याय को सौंप दी।
उधर माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार, जिलामंत्री आशाराम वर्मा, प्रवीण कुमार द्विवेदी, पवन जायसवाल, उमेश वर्मा, रामलखन वर्मा ने कहा कि निलंबन देर से उठाया गया सही कदम है। लेखाकार की मनमानी के चलते ही तदर्थ शिक्षकों के बकाया वेतन भुगतान में विलंब हुआ था। इस प्रकार के सख्त कदम उठाने से ही भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सकता है।