अंबेडकरनगर। बसखारी थाना अन्तर्गत बसखारी बाजार के पास बाइक पर पीछे बैठी महिला झटका लगने से सड़क पर गिर पड़ी। इसी बीच उधर से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। उधर, अन्य मार्ग हादसों में वृद्ध समेत चार व्यक्ति घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
टांडा कोतवाली अन्तर्गत रसूलपुर मुबारकपुर निवासी मजीरुलनिशा (40) बृहस्पतिवार को रिश्तेदार के साथ किछौछा जा रही थी। बसखारी बाजार के निकट ब्रेकर पर झटका लगने से महिला सड़क पर गिर पड़ी। इसी दौरान उधर से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे रौंद दिया। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते तब तक चालक वाहन छोड़कर भाग खड़ा हुआ। महिला को सीएचसी बसखारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार अकबरपुर कोतवाली अन्तर्गत पत्तेपुर ककरडिल्ला गांव निवासी कामता (70) बुधवार देर शाम बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। अहिरौली थाना अन्तर्गत रामनगर निवासी मोहनलाल (30) पुत्र रामगरीब गुरुवार सुबह अकबरपुर के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सम्मनपुर थाना अन्तर्गत कहरा सुलेमपुर गांव निवासी बाइक सवार बब्लू (25) गांव के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से घायल हो गया। औलियापुर गांव निवासी विनय (28) बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।