अंबेडकरनगर। जिले में पल्स पोलियो की तर्ज पर ही कोविड को लेकर भी एक सर्वेक्षण अभियान संचालित होगा। 24 से 29 जनवरी तक चलने वाले इस विशेष अभियान में टीकाकरण से वंचित किशोरों व बुजुर्गों की सूची तैयार कर उन्हें कोरोना से बचने का सुरक्षा चक्र मुहैया कराया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने दी। वह कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
इसमें विशेषतौर पर कोरोना नियंत्रण, लक्षणयुक्त व्यक्तियों के उपचार, नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों का टीकाकरण कराने और कोविड टीकाकरण से छूटे 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों व किशोरों का चिन्हीकरण कर उन्हें टीका लगवाने से जुड़ी कार्ययोजना पर गहन चर्चा हुई।
डीएम ने बैठक में मौजूद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चेताया कि इस कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण पाने के लिए सभी को पूरी एकजुटता और सक्रियता के साथ काम करना होगा। इसके लिए लक्षणयुक्त मरीजों की पहचान व उपचार, नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों व बुजुर्गों को चिंहित कर उन्हें टीका लगाना प्राथमिकता में रखकर आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने बताया कि पल्स पोलियों की तर्ज पर संचालित विशेष सर्वेक्षण अभियान 24 जनवरी से जिले में शुरू हो कर 29 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान घर घर टीम भेज कर बुर्जुगों के साथ ही 15 से 18 वर्ष के ऐसे किशोरवय लोगों को चिह्नित करना होगा, जिन्हें अभी तक कोविड से बचाव का टीका नहीं लगा। ऐसे लोगों का टीकाकरण कराने को विशेष शिविर का आयोजन भी होगा। कोरोना टीकाकरण अभियान व उपचार में किसी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नही की जाएगी। सर्वेक्षण के दौरान अगर कोई व्यक्ति कोविड लक्षण युक्त मिलेगा तो उसे कोविड किट उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जाएगा। बैठक में सीडीओ घनश्याम मीणा, सीएमओ डॉ श्रीकांत शर्मा, डीडीओ वीरेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।