अंबेडकरनगर। सर्विलांस सेल व अकबरपुर कोतवाली पुलिस टीम ने गुम हुए लगभग साढ़े 6 लाख रुपये कीमत के 54 मोबाइल सेट को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। बाद में एसपी ने स्वामियों को उनका मोबाइल सेट सौंपा। इसके अलावा अकबरपुर कोतवाली पुलिस टीम ने अंतरजनपदीय जहरखुरानी गिरोह के दो सदस्यों को भी दबोचने में सफलता पाई है। उनके पास से पांच मोबाइल सेट व एक बाइक बरामद की है। पूछताछ के बाद दोनों अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया। इसका खुलासा बुधवार को एसपी आलोक प्रियदर्शी ने किया।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि जिले में गुम होने वाली मोबाइल सेटों की सुरागरसी में सर्विलांस की मोबाइल रिकवरी टीम को लगाया गया था। रिकवरी सेल के मुख्य आरक्षी विनोद कुमार सिंह व सिपाही विनय कुमार यादव ने काफी मेहनत कर बीते दिनों गुम हुए 54 मोबाइल सेट को बरामद करने में सफलता पाई है। बुधवार को एसपी ने मोबाइल धारकों को कार्यालय बुलाकर उनका मोबाइल सेट उन्हें सौंपा तो उनके चेहरे खिल उठे। इसके अलावा एसपी ने बताया कि बीती रात अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने जहरखुरानी गिरोह के दो सदस्यों को दबोचने में सफलता पाई है। पुलिस टीम ने रात्रि गश्त के दौरान अकबरपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से मुखबिर की सूचना पर जहरखुरानी गिरोह गैंग में शामिल दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से 5 मोबाइल सेट व एक बाइक आदि बरामद की। कोतवाली अकबरपुर लाकर पुलिस टीम ने पूछताछ का सिलसिला शुरू किया तो दोनों अभियुक्तों ने बड़ा खुलासा किया। बताया कि वे अकबरपुर रेलवे स्टेशन व बस स्टेशन के निकट से यात्रियों को लिफ्ट देने के बहाने अपने वाहन पर बैठाते थे, और रास्ते में चाय पिलाने आदि के बहाने नशीला पदार्थ खिला देते थे। यात्री के बेहोश होते ही उनका सामान चोरी कर लेते थे। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने अपनी पहचान झिनक निषाद निवासी लेदौरा, अहिरौली आजमगढ़ व आनंद निषाद उर्फ बाबी संभूपुर, थाना अहिरौला आजमगढ़ के रूप में बताई। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, सिपाही अनिमेष प्रताप सिंह व विनय कुमार यादव आदि शामिल रहे।