अंबेडकरनगर। घर पर रहकर पोस्टल बैलेट या फिर मतदान केंद्र पहुंचकर ईवीएम का बटन दबाकर मतदान करने की व्यवस्था का लाभ जिले के लगभग 48 हजार दिव्यांगों व बुजुर्गों को मिलेगा। इस संबंध में उन्हें अपनी अनुमति प्रदान करनी होगी। इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से बीएलओ के माध्यम से दिव्यांगों व 80 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्गों तक आवेदन फॉर्म पहुंचाए जा रहे हैं। संबंधित दिव्यांगों व बुजुर्गों की अनुमति के बाद जिम्मेदार अधिकारी उनके लिए व्यवस्था करेंगे। इस प्रकार की व्यवस्था इस बार कोरोना संक्रमण को देखते हुए चुनाव आयोग ने की है।
दिव्यांगों व 80 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्गों को मतदान करने में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए चुनाव आयोग ने पहली बार बड़ी व्यवस्था की है। देश में लगातार बढ़ते कोराना संक्रमण व दिव्यांगों तथा बुजुर्गों की मुश्किलों को देखते हुए चुनाव आयोग ने इस प्रकार की व्यवस्था की है। जिले में कुल 47 हजार 924 दिव्यांग व 80 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के बुजुर्ग मतदाता हैं। इसमें 13 हजार 897 दिव्यांग मतदाता, जबकि 34 हजार 27 ऐसे मतदाता हैं, जो 80 वर्ष आयु वर्ग के ऊपर हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार जिले में कुल 17 लाख 96 हजार 33 मतदाता हैं। इसमें 8 लाख 54 हजार 139 महिला, जबकि 9 लाख 54 हजार 239 पुरुष मतदाता हैं। थर्ड जेंडर के 54 मतदाता हैं।
निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी शहंशाह ने बताया कि दिव्यांगों व 80 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्गों को मतदान करने में किसी भी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर इस बार मतदान केंद्र या फिर घर बैठे पोस्टल बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान करने की व्यवस्था की गई है। इसके मद्देनजर बीएलओ के माध्यम से संबंधित दिव्यांगों व 80 वर्ष आयु वर्ग के बुजुर्गों को आवेदन फॉर्म भेजे जा रहे हैं। इस फॉर्म के माध्यम से वे मतदान केंद्र या फिर घर बैठे बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान करने की सहमति जता सकते हैं। उनकी सहमति के बाद जरूरी व्यवस्था की जाएगी। बताया कि दिव्यांगों व बुजुर्गों तक फॉर्म तेजी से पहुंचाए जा रहे हैं।
की जा रही समुचित व्यवस्था
चुनाव आयोग ने पहली बार दिव्यांगों व 80 आयु वर्ग से ऊपर वाले बुजुर्गों को यह व्यवस्था दी है कि वे यदि चाहें तो मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान करेें या फिर घर बैठे पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान करें। इसके लिए बीएलओ के माध्यम से दिव्यांगों व बुजुर्गों तक आवेदन फॉर्म पहुंचाए जा रहे हैं। इसकी समुचित व्यवस्था की जा रही है।
-अशोक कुमार कनौजिया, एडीएम