अंबेडकरनगर। अयोध्या में मनाए जाने वाले भव्य दीपोत्सव में जिले की भी भागीदारी होगी। जिले से मिट्टी के 4721 दीपक अयोध्या भेजे गए। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन एवं मुख्य विकास अधिकारी घनश्याम मीणा की पहल पर इसके लिए जरूरी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। डिप्टी कमिश्नर एनआरएलएम आरबी यादव ने बताया कि ग्राम प्रधानों, ब्लॉक मिशन प्रबंधकों एवं सचिवों के माध्यम से सभी ग्राम पंचायतों से 5-5 मिट्टी के दीपकों का प्रबंध कराया गया।
खंड विकास अधिकारियों से प्राप्त नौ विकास खंडों के 4721 मिट्टी के दीपक रविवार को मुख्य विकास अधिकारी घनश्याम मीणा को सौंपे गए। सीडीओ ने झंडी दिखाकर दीपकों को ले जाने वाली गाड़ी को अयोध्या के लिए विकास भवन से रवाना किया। कहा कि जनपद अंबेडकरनगर भी अयोध्या दीपोत्सव को लेकर उत्साहित है। इस भावना को व्यक्त करने के लिए सभी 902 ग्राम पंचायतों से मिट्टी के दीपक प्राप्त किए गए। उन्हें दीपोत्सव में प्रज्ज्वलित करने के लिए अयोध्या भेजा गया है।