महरुआ (अंबेडकरनगर)। स्थानीय उपकेंद्र के नसीरपुर फीडर से जुड़ी लगभग 10 हजार आबादी दो दिन से बिजली आपूर्ति की बाट जोह रही है। फीडर में आयी खराबी को विभाग की तकनीकी टीम ढूंढ नहीं पा रही है। ऐसे में गड़बड़ी कब दूर होगी, और आपूर्ति कब बहाल होगी, इसकी भी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। बिजली न मिलने से एक तरफ जहां गर्मी आम उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है, वहीं फसलों की सिंचाई न हो पाने के चलते किसानों की चिंता बढ़ रही है। उपभोक्ताओं ने जल्द से जल्द गड़बड़ी को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
गर्मी शुरू होने के साथ ही विद्युत आपूर्ति की बदहाली का दौर भी शुरू हो गया है। महरुआ उपकेंद्र के नसीरपुर फीडर से जुड़ी लगभग 10 हजार आबादी दो दिन से बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार कर रही है। फीडर में आयी तकनीकी खामी को विभाग की तकनीकी टीम ढूंढ नहीं पा रही है। इसके चलते संबंधित फीडर से आपूर्ति भी बहाल नहीं हो रही है। इसके चलते उपभोक्ताओं को दिक्कतें हो रही हैं।
मथानी, कटरिया, बड़ागांव, पखनपुर, पाकड़पुर, पितांबरपुर, जयमलपुर सहित करीब एक दर्जन गांव हैं, जहां के उपभोक्ता बिजली आपूर्ति से वंचित हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों से शिकायत दर्ज करायी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस प्रयास नहीं किया जा रहा है। दो दिन से जहां उपभोक्ताओं को आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, वहीं विभागीय अधिकारी गड़बड़ी न होने तक कोई वैकल्पिक प्रबंध भी नहीं कर रहे हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
स्थानीय बृजेश कुमार, अनुराग, रमेश कुमार आदि का कहना है कि एक तरफ जहां तेज धूप व गर्मी से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं, वहीं बिजली न आने से किसानों को परेशानी हो रही है। किसान अपनी फसलों की सिंचाई को लेकर खासे परेशान हैं। सब्जी आदि की खेती करने वाले किसानों को सिंचाई संकट से जूझना पड़ रहा है। किसान मनीराम, जयप्रकाश व राधेश्याम आदि ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से अविलंब गड़बड़ी दूर कराकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। उधर, जेई गयादीन ने बताया कि गड़बड़ी को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही समस्या का समाधान कर सुचारु आपूर्ति उपभोक्ताओं को दी जाएगी।