रक्षा बंधन के अवसर पर महिलाओं के फ्री सफर का आदेश शासन से यूपी रोडवेज प्रयागराज के क्षेत्रीय प्रबंधक को मिल गया है। बुधवार की शाम आए आदेश में कहा गया है कि रक्षा बंधन के अवसर पर महिला यात्री 21 अगस्त की रात 12 बजे से 22 अगस्त की रात 12 बजे रोडवेज की बस में फ्री में सफर कर सकेंगी।
दरअसल पिछले दिनों ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आदेश दिया गया था कि महिलाएं इस बार भी रक्षा बंधन के अवसर पर फ्री में यूपी रोडवेज की बस में सफर कर सकेंगी। इस बीच बुधवार को इस संबंध में शासन से आदेश भी आ गया। रक्षा बंधन के अवसर पर महिला यात्री रोडवेज की सभी एसी एवं सामान्य श्रेणी की बस में सफर कर सकेंगी। पिछले वर्ष रक्षा बंधन पर प्रयागराज रीजन में 34 हजार महिला यात्रियों ने फ्री में सफर किया था। इस वर्ष रोडवेज अफसरों को उम्मीद है कि यह आंकड़ा 40 हजार की संख्या को पार कर सकता है। ब्यूरो