रेलवे यूनियनों ने भी विरोध के लिए कसी कमर
दस हजार से ज्यादा पदों के सरेंडर होने की बात सामने आने पर इंडियन रेलवे इंप्लाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नार्थ सेंट्रल रेलवे वर्कर्स यूनियन के महामंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि सरकार हर रोज नए बहाने ढूंढकर रोजगार छीन रही है। इसका विरोध जोन के तीनों मंडलों प्रयागराज, झांसी एवं आगरा में किया जाएगा।
बता दें कि रेलवे बोर्ड द्वारा अभी हाल ही में एनसीआर समेत सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों को एक पत्र जारी किया गया था। पत्र के माध्यम से गैरसंरक्षा श्रेणी के 50 फीसदी पदों को तत्काल समाप्त करने के लिए कहा गया है। एनसीआर जोन की बात करें तो यहां इस श्रेणी के 21 हजार से ज्यादा पद हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि एनसीआर जोन द्वारा दस हजार से ज्यादा पद सरेंडर किए जा सकते हैं।