पत्थर गिरजाघर पर धरने पर बैठे युवा मंच के पदाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
युवा मंच के बैनर तले पत्थर गिरजाघर पर चल रहा बेरोजगारों का धरना प्रदर्शन बृहस्पतिवार को 73वें दिन भी जारी रहा। बेरोजगारों ने सीएम योगी को ट्वीट कर आरओ-एआरओ भर्ती परीक्षा पेपर लीक की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। इस संबंध में सीएम योगी को ट्वीट भी किया गया। इसकी मांग को लेकर दुर्गा पूजा पार्क सलोरी में शुक्रवार को सभा करने का निर्णय लिया गया।
युवा मंच अध्यक्ष अनिल सिंह ने सीएम के एक्स हैंडल पर पत्र प्रेषित कर आरओ/एआरओ पेपर लीक व लोक सेवा आयोग अध्यक्ष व सचिव की संपत्ति की सीबीआई से जांच की मांग की है। प्रेषित पत्र में जिक्र किया गया है कि खुद पुलिस द्वारा धांधली के तमाम मामलों में कार्रवाई भी की गई है और परीक्षा पूर्व पेपर लीक के वायरल होने के स्पष्ट प्रमाण हैं। बावजूद इसके शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर रहे छात्रों से वार्ता करने से इंकार किया जा रहा है, जो कि लोक सेवा आयोग अध्यक्ष व सचिव की हठधर्मिता व तानाशाही रवैया को दर्शाता है।
उधर, पत्थर गिरजाघर में हर परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और प्रदेश में छह लाख व देश में एक करोड़ रिक्त पदों को तत्काल भरने, चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे सवालों को लेकर युवा मंच के बैनर तले 73 वें धरना जारी रहा। युवा मंच संयोजक राजेश सचान ने शिक्षा आयोग गठन में हीला-हवाली व लेट लतीफी कर लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
युवा मंच का मत है कि न्यायिक प्रक्रिया के पेंच में उलझने से बचने का एक मात्र विकल्प आरओ/एआरओ व पुलिस भर्ती परीक्षाओं को रद्द कर तत्काल पुनर्परीक्षा आयोजित कराया जाए। युवा मंच ने कल 23 फरवरी को सायं पांच बजे दुर्गा पूजा पार्क सलोरी में अहम मीटिंग बुलाई है जिसमें छात्रों के भविष्य से जुड़े सभी महत्वपूर्ण सवालों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस मौके पर राजेश सचान, अनिल सिंह, तेजेश सिंह, राम अचल राव, राकेश कुमार, अजय, विजय आदि शामिल रहे।