अखिलेश का जनसंपर्क एवं सभाएं आज
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को प्रयागराज में दो सभाओं को संबोधित करने के अलावा शहरी क्षेत्र में जनसंपर्क भी करेंगे। वह रथ पर सवार होकर अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण और लोगों को संबोधित करेंगे। अखिलेश यादव सुबह साढ़े नौ बजे ही हंडिया आ जाएंगे और शहरी क्षेत्र में रोड शो के बाद रात में करीब आठ बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे। इस दौरान शहरी एवं गंगापार की आठ सीटों के अलावा कौशाम्बी के मतदाताओं पर भी उनकी नजर रहेगी।
खास यह कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बृहस्पतिवार को फाफामऊ के बेला कछार में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित रैली को संबोधित करेंगे। जबकि अखिलेश यादव सपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री का हंडिया के पॉलिटेकिभनक कॉलेज तथा फूलपुर के लंका मैदान में सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम मंगलवार को ही तय हो गया था।
बुधवार को शहरी क्षेत्र में जनसंपर्क का कार्यक्रम जारी किया गया। इसके मद्देनजर हंडिया एवं फूलपुर में सभाओं का कार्यक्रम भी पहले कर दिया गया है। हंडिया में वह 11.30 बजे के बजाय सुबह साढ़े नौ बजे ही सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद फूलपुर की सभा में शामिल होंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से करीब चार बजे वह केपी कॉलेज मैदान में उतरेंगे। वहां पर विशेष तरीके से तैयार रथ पर सवार होकर वह रामबाग में सेवा समिति विद्या मंदिर परिसर तक जाएंगे और शहर दक्षिणी प्रत्याशी रईस चंद्र शुक्ला के समर्थन में सभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद वह शहर उत्तरी में पीडी टंडन चौराहा तथा शहर पश्चिमी में लीडर प्रेस मौदान में लोगों से संपर्क और संबोधित करेंगे। करीब आठ बजे वह लखनऊ के लिए रवाना होंगे। लखनऊ से आए विधायक संजय लाठर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। महानगर अध्यक्ष सै.इफ्तेखार हुसैन के साथ उन्हाेंने एयरपोर्ट से लेकर पूरे मार्ग का निरीक्षण भी किया।