फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

up election 2022 :   विधानसभा चुनाव में दम दिखाने के लिए तैयार महिलाएं

Fri, 12 Nov 2021 05:22 PM IST
विनोद सिंह अविनाशी श्रीवास्तव, प्रयागराज

सार

विधानसभा चुनाव 2022 के लिए महिलाओं ने कमर कसना शुरू कर दिया है। कई दावेदार दो वर्ष पहले ही अपने विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हो गई हैं और कार्यकर्ताओं के संपर्क में हैं। इलाके में इनके बैनर और पोस्टर भी त्यौहारों के मौके पर लगाए गए हैं। कई दावेदारों ने तो पूरे क्षेत्र में दीवाल लेखन भी कराकर अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटी हैं।
विज्ञापन
विधानसभा चुनाव - फोटो : self
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस बार के विधान सभा चुनाव में महिलाएं भी अपनी ताकत दिखाने को तैयार हैं। चुनाव लड़ने के लिए लगभग 50 से अधिक महिला नेताओं ने विभिन्न राजनीतिक दलों के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने तो विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी सीटों पर महिला उम्मीदवारों को उतारने की घोषणा की है। इससे महिलाओं की भागीदारी को लेकर नए समीकरण बनने लगे हैं। खास बात यह है कि दावेदारों में युवा महिलाओं की बड़ी संख्या है।

विज्ञापन


वर्तमान में प्रयागराज में प्रमुख पदों पर महिलाएं ही काबिज हैं। अभिलाषा गुप्ता नंदी महापौर हैं तो डॉ. रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद और केशरी देवी पटेल फूलपुर से सांसद हैं। इनके अलावा नीलम करवरिया मेजा से विधायक हैं। आगामी चुनाव में यह भागीदारी और बढ़ती दिख रही है। पूर्व में चुनाव लड़ चुकीं महिला नेताओं ने इस बार भी टिकट मांगा है। इनके अलावा लंबे समय से संघर्ष कर रहीं राजनीतिक परिवारों की अन्य महिला नेताओं ने भी टिकट की मांग की है।

भाजपा में राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली बीना मिश्रा ने मेजा से टिकट की दावेदारी की है, वहीं प्रदेश महिला मोर्चा में पदाधिकारी आकांक्षा सोनकर ने बारा से टिकट मांगा है। प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल व महिला मोर्चा की मंत्री एवं पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी की बहू कविता यादव त्रिपाठी भी दावेदारों की सूची में शामिल है। इनके अलावा पूर्व महानगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय भी भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी कर रही हैं।

विज्ञापन

जिले की 12 सीटों पर डेढ़ सौ महिला नेता कतार में
यहां के कुल 12 विधानसभा क्षेत्रों से सपा से चुनाव लड़ने के लिए करीब ड़ेढ़ सौ नेता कतार में हैं। इनमें महिलाओं की भी बड़ी संख्या है। पूर्व में चुनाव लड़ चुकीं पूजा पाल, ऋचा सिंह, निधि यादव, दीपांशु कोल इस बार भी दावेदार हैं। इनके अलावा कमला यादव ने प्रतापपुर, पूनम पाठक ने मेजा, गीता पासी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुषमा पासी ने सोरांव से टिकट की मांग की है।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुलाब कली आदिवासी ने बारा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख शांति देवी ने प्रतापपुर, सीएमपी डिग्री कॉलेज छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष पूजा मिश्रा ने हंडिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्य प्रकाश मालवीय की पुत्री संगीता मालवीय तथा सपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल मंजू पाठक ने शहर उत्तरी से टिकट की मांग की है।

कांग्रेस से टिकट की मांग करने वाली महिला दावेदारों की भी लंबी सूची है। महिला प्रदेश कांग्रेस की डॉ. सत्या पांडेय करछना, कांग्रेस के आरटीआई विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष रजिया सुल्तान पश्चिमी, वरिष्ठ नेता मंजू संत बारा, महिला शहर अध्यक्ष एवं पार्षद अल्पना निषाद, पार्षद मुमताज अंसारी दक्षिणी, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष खुश नवेदा फाफामऊ, पूर्व महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनीता कुशवाहा पश्चिमी से दावेदारी कर रही हैं। आम आदमी पार्टी की नेहा सिंह भी चुनावी समर में उतरने की तैयारी में जुटी हैं।
विज्ञापन

जीत एवं जातीय समीकरण पर भी नजर
टिकट के लिए दावेदारी कर रही महिला नेताओं की जीत एवं जातीय समीकरण पर भी नजर है। इसे ध्यान में रखकर टिकट की दावेदारी की गई है। मतदाता सूची में निर्णायक भागीदारी को देखते हुए पासी बिरादरी की महिलाओं ने सोरांव से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। इसी तरह से कोरांव एवं बारा से आदिवासी, निषादों ने दावेदारी की है। इस बार सभी दलों की ब्राह्मण बिरादरी के मतदाताओं पर नजर है। ऐसे में सपा की ओर से शहर उत्तरी से किसी ब्राह्मण को प्रत्याशी बनाए जाने की भी चर्चा है। इसे देखते हुए इस सीट पर सपा से टिकट के लिए दो महिलाओं ने दावेदारी की है। मुस्लिम महिला दावेदारों को शहर पश्चिमी सीट पसंद है।

दलों में महिला विंग सक्रिय
विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दल महिला उम्मीदवारों पर कितना भरोसा दिखाते हैं यह तो टिकट बंटवारे के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा, लेकिन सभी दलों की महिला विंग सक्रिय हो गई हैं। खासतौर पर, विपक्षी दलों की महिला विंग महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर सरकार के खिलाफ ज्यादा आक्रामक हैं।

प्रयागराज ने दीं कई बड़ी महिला नेता
वर्तमान में प्रयागराज के प्रमुख पदों पर महिलाएं काबिज हैं तो कई बड़ी नेता राजनीति में सक्रिय हैं। इनमें कई महिला नेताओं की देश और प्रदेश की राजनीति में भी बड़ी भूमिका हैं। प्रयागराज ने इससे पहले भी कई बड़ी महिला नेता दी हैं। इनमें देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की बहन विजय लक्ष्मी पंडित, केंद्रीय मंत्री एवं राज्यपाल रह चुकीं डॉ. राजेंद्र कुमारी बाजपेई, पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पत्नी कमला बहुगुणा, विधायक रह चुकीं डॉ. कमल गोइंदी, राज्यसभा सदस्य एवं विधायक रहीं सरोज दुबे आदि शामिल हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें