prayagraj news : इलाहाबाद विश्वविद्यालय।
- फोटो : prayagraj
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में स्नातक तृतीय वर्ष के जिन छात्रों को प्रमोट किया गया था, उनकी द्वितीय परीक्षा और बीएलएलबी एवं एलएलबी के नियमित छात्र-छात्राओं की मुख्य परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई। पहले दिन 12.5 फीसदी परीक्षार्थियों को विश्वविद्यालय के जेके इंस्टीट्यूट में जाकर अपनी उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ जमा करनी पड़ी। हालांकि, किसी भी परीक्षार्थी की ऑफलाइन मोड में कॉपी जमा नहीं की गई।
इविवि प्रशासन ने स्नातक तृतीय वर्ष के छात्रों को इस बार बिना परीक्षा प्रमोशन दिया। प्रमोशन में मिले अंकों से असंतुष्ट छात्रों को अंक सुधार के लिए अतिरिक्त अवसर प्रदान किया गया। तकरीबन आठ सौ छात्र प्रमोशन में मिले अंकों से संतुष्ट नहीं थे, जो सोमवार से शुरू हुई द्वितीय परीक्षा में शामिल हुए। इसके अलावा बीएएलएलबी और एलएलबी अंतिम सेमेस्टर के तकरीबन आठ सौ नियमित छात्रों की मुख्य परीक्षा भी शुरू हो गई है। सभी परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित की जा रही हैं। छात्रों से कहा गया था कि वे उत्तर पुस्तिका की एक पीडीएफ बनाकर उसे पोर्टल पर अपलोड करेंगे, लेकिन 200 छात्र पीडीएफ को अपलोड नहीं कर सके।
इविवि प्रशासन ने ऐसे छात्रों के लिए जेके इंस्टीट्यूट में पीडीएफ अपलोड कराने की व्यवस्था कर रखी थी। इन छात्रों ने जेके इंस्टीट्यूट जाकर वहां मौजूद विशेषज्ञों के माध्यम से अपनी उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ पोर्टल पर अपलोड कराई। इनमें से तमाम छात्र ऑफलाइन मोड में कॉपी जमा करने के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय भी पहुंचे, लेकिन किसी की कॉपी जमा नहीं की गई और सभी को जेके इंस्टीट्यूट भेज दिया गया। पिछली बार हुई ऑनलाइन परीक्षा में अव्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में छात्रों की कॉपियां ऑफलाइन जमा की गईं थीं।
उधर, पीडीएफ अपलोड कराने के लिए जेके इंस्टीट्यूट में दिनभर परीक्षार्थियों की भीड़ लगी रही। इविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रमेंद्र कुमार सिंह ने परीक्षार्थियों से कहा है कि अगर वे उत्तर पुस्तिका पीडीएफ सीधे पोर्टल पर अपलोड नहीं कर पा रहे हैं या अपलोड करने में किसी अन्य प्रकार की दिक्कत आ रही है तो ऐसे परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका की पीडीएफ तैयार कर उसे एक पेनड्राइव में लेकर जेके इंस्टीट्यूट पहुंचें। ऐसा करने पर परीक्षार्थियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा और पीडीएफ भी बहुत कम समय में अपलोड कर दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी सूरत में ऑफलाइन मोड में कॉपियां जमा नहीं की जाएंगी।