पूरामुफ्ती में सल्लापुर के पास रेलवे लाइन पार करते समय दो दोस्त ट्रेन से कट गए। इनमें गौरा मांझी(28) व धर्मेंद्र माझी(30) शामिल हैं। दोनों बिहार से मजदूरी करने के लिए आए थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
सल्लापुर में कुसवा गांव के पास नई रेलवे लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इस काम में कई गैर प्रांतों से आए मजदूर लगे हुए हैं। गौरा व धर्मेंद्र भी इन्हीं में शामिल थे। दोनों बिहार के रहने वाले थे और साइट के पास ही टेंट लगाकर रहते थे। सोमवार रात दोनों दुर्गापूजा पंडाल में जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई और जांच पड़ताल के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी पर सुबह परिजन भी आ गए और पोस्टमार्टम के बाद शवों को लेकर देर शाम बिहार के लिए रवाना हो गए। उधर घटना को लेकर इस बात की भी चर्चा रही कि घटना के वक्त दोनों शराब के नशे में थे। इंस्पेक्टर पूरामुफ्ती का कहना है कि दोनों के नशे में होने की जानकारी नहीं है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।